Wednesday, December 31, 2014

पहाड़ों पर चढ़ते समय लोग सामने की ओर क्यों झुक जाते हैं ?


उत्तर - पहाड़ों पर चढ़ते समय लोग आगे की ओर झुककर साम्य अवस्था बनाए रखते हैं। चढ़ते समय यात्री का गुरुत्वाकर्षण का केंद्र अपनी सामान्य स्थिति से हट जाता और इस प्रकार उसे गिरने का डर बना रहता है। आगे की ओर झुक जाने से गुरुत्वाकर्षण केंद्र पुन: सामान्य स्थिति में आ जाता है और चढ़ना आसान हो जाता है। अत: गुरुत्वाकर्षण केंद्र का संतुलन ठीक बनाए रखने के लिए यात्री चढ़ते समय आगे की ओर झुक जाते हैं।

Tuesday, December 30, 2014

दोमुंहे बालों का राज

सुंदरता बढ़ाने में बालों का विशेष योगदान होता है। यदि बालों संबंधी समस्या आ जाये तो व्यक्ति चिंतित हो उठता है। बालों की समस्याओं में से एक है दोमुंहे बाल होना। क्या आपको मालूम है बाल दोमुंहे क्यों होते हैं? कारण यह है कि बालों पर एक चमकदार व सुरक्षित परत होती है जिसे क्यूटिकल कहते हैं। जब यह परत टूटती है, तो बालों के सिरे भी टूटने लगते हैं। अधिकांशत: बालों के अत्यधिक सूखे और कमजोर होने के कारण भी बाल दोमुंहे होने लगते हैं। यदि बालों पर से एक बार क्यूटिकल हट जाए, तो इसे फिर से हासिल करना असंभव होता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि दोमुंहे बालों का सबसे अच्छा इलाज यही है कि उन्हें काट दिया जाए। बालों की नियमित रूप से कांट-छांट कर उन्हें दोमुंहा होने से बचाया जा सकता है।
गीले बालों में कंघी करने से भी बालों की सुरक्षा परत को नुकसान पहुंचता है और यह भी बालों के दोमुंहे होने का कारण बनता है। इसके साथ ही जोर-जोर से कंघी करने से तथा धूप में अधिक देर तक रहने से भी बाल कमजोर होते है। इनसे बचना चाहिए।

Tuesday, December 16, 2014

विज्ञान प्रश्न - ठंड के दिनों में नारियल का तेल कैसे जम जाता है, जबकि सरसों का तेल क्यों नहीं जमता ?


उत्तर - ठण्ड के दिनों में नारियल का तेल जम जाता है, जबकि सरसों का तेल नहीं जमता। यह उस वसा अम्ल की प्रकृति द्वारा निर्धारित होता है, जिससे वसा का अणु बना है। कुछ वसा अम्लों के अणुओं में एक या अधिक द्वि-आबंध होते हैं। इनको असंतृप्त वसा कहते हैं। इन वसाओं का द्रवनांक कम होते हैं। सरसों का तेल भी इसी श्रेणी में आता है। अत: इसका द्रवनांक भी कम होता है। जबकि नारियल का तेल संतृप्त वसा है। अत: अधिक स्थायी है। अधिक स्थायी होने की प्रवृत्ति के कारण ही नारियल का तेल जम जाता है। जबकि सरसों का तेल कम द्रवनांक होने के कारण नहीं जमता।